LPG Price Hike: आम आदमी को महंगाई का झटका! घरेलू LPG गैस सिलेंडर 60 और कमर्शियल 115 महंगा हुआ। ईरान-इजराइल युद्ध का असर। जानिए दिल्ली, मुंबई सहित अपने शहर के नए रेट्स।

LPG Price Hike: आम आदमी को महंगाई का झटका!
नई दिल्ली: महंगाई की मार झेल रहे आम आदमी की जेब पर एक बार फिर कैंची चली है। देश में घरेलू और कमर्शियल एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडरों के दाम में भारी बढ़ोतरी कर दी गई है। अगर आप भी गैस सिलेंडर बुक करने जा रहे हैं, तो अब आपको अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी होगी।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) के मुताबिक, बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडर के दाम 60 बढ़ा दिए गए हैं। वहीं, होटल और रेस्टोरेंट में इस्तेमाल होने वाले 19 किलोग्राम के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में भी 114.5 का बड़ा इजाफा हुआ है। नई कीमतें 7 मार्च 2026 से पूरे देश में लागू हो गई हैं।
क्यों बढ़ रहे हैं गैस के दाम?
इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि गैस के दाम में अचानक आई इस तेजी की मुख्य वजह ग्लोबल मार्केट है। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच छिड़े भयंकर युद्ध के कारण पूरी दुनिया में एनर्जी की कीमतें आसमान छू रही हैं, जिसका सीधा असर अब भारत के घरेलू बाजार पर पड़ा है।
आपके शहर में अब कितने का मिलेगा घरेलू सिलेंडर?
60 की बढ़ोतरी के बाद 14.2 kg वाले घरेलू गैस सिलेंडर के नए रेट्स कुछ इस प्रकार हैं:
- दिल्ली: 853 से बढ़कर अब 913
- मुंबई: 912.50
- कोलकाता: 939
- चेन्नई: 928.50
(नोट: राज्यों के लोकल टैक्स और VAT के कारण कीमतों में हल्का बदलाव हो सकता है। इससे पहले घरेलू सिलेंडर के दाम 8 अप्रैल 2025 को 50 बढ़ाए गए थे।)
उज्ज्वला योजना वालों के लिए क्या है खबर?
अगर आपके पास प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का कनेक्शन है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार ने साफ किया है कि 2016 से शुरू हुई इस योजना के 10 करोड़ से ज्यादा लाभार्थियों को पहले की तरह 300 की सब्सिडी मिलती रहेगी। यह छूट साल भर में 12 रिफिल पर लागू होगी।
कमर्शियल गैस सिलेंडर ने भी बिगाड़ा बजट
बाहर खाना-पीना अब और महंगा हो सकता है क्योंकि 19 kg के कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 114.5 बढ़ गए हैं। बीते 3 महीनों में यह चौथी बार है जब इसके दाम बढ़े हैं। इससे पहले जनवरी में 111, फरवरी में 49 और 1 मार्च 2026 को 28 से 31 तक की बढ़ोतरी हुई थी।
कमर्शियल सिलेंडर के नए रेट:
- दिल्ली: 1883
- मुंबई: 1835
- कोलकाता: 1990
- चेन्नई: 2043.50
ईरान-इजराइल युद्ध ने बिगाड़ा ग्लोबल मार्केट का खेल
गैस की कीमतों में इस आग के पीछे वेस्ट एशिया का तनाव है। 28 फरवरी 2026 को इजराइल और अमेरिका ने ईरान के खिलाफ खुली जंग छेड़ते हुए एयर स्ट्राइक कर दी। इसके जवाब में ईरान ने भी इजराइल और मिडिल ईस्ट के कई देशों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए हैं। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सख्त लहजे में कहा है कि ईरान के साथ कोई भी समझौता तभी होगा जब वह बिना किसी शर्त के सरेंडर करेगा और वहां नया नेतृत्व आएगा।
हालांकि, राहत की बात यह है कि ग्लोबल मार्केट में मचे इस बवाल और कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद, भारत में कुकिंग गैस की कीमत अभी भी हमारे पड़ोसी देशों के मुकाबले सबसे कम है।
