Mutual Fund SIP: फरवरी में कम दिनों के चलते म्यूचुअल फंड के SIP इनफ्लो में मामूली गिरावट आई है। हालांकि, AMFI डेटा के अनुसार निवेशकों ने 16 लाख नए SIP खाते खोले हैं।
मुंबईः क्या आप भी म्यूचुअल फंड (Mutual Fund) में निवेश करते हैं? अगर हां, तो आपके लिए एक जरूरी अपडेट है। फरवरी के महीने में सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) के जरिए आने वाले निवेश (इनफ्लो) में थोड़ी कमी देखी गई है। लेकिन इसमें घबराने वाली कोई बात नहीं है। यह गिरावट निवेशकों के कम होते भरोसे की वजह से नहीं, बल्कि फरवरी में दिनों की संख्या कम होने के कारण हुई है। अच्छी खबर यह है कि खाता बंद होने की तुलना में नए खाते खुलने की रफ्तार काफी तेज रही है।
इनफ्लो में आई मामूली गिरावट
एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के हालिया डेटा के मुताबिक, जनवरी में SIP के जरिए 31002 करोड़ रुपये का निवेश आया था। वहीं, फरवरी में यह आंकड़ा थोड़ा सा घटकर 29845 करोड़ रुपये रह गया।
एम्फी (AMFI) के सूत्रों ने साफ किया है कि इस मामूली गिरावट का मुख्य कारण केवल फरवरी महीने में काम के दिनों (Working Days) का कम होना है। निवेशकों के मूड या उनके नजरिए में कोई बदलाव नहीं आया है। लोग अभी भी बाजार में पैसा लगा रहे हैं।
नए खातों ने पकड़ी रफ्तार
भले ही निवेश की रकम थोड़ी कम हुई हो, लेकिन नए निवेशकों की संख्या में शानदार इजाफा हुआ है। आइए SIP खातों से जुड़े कुछ अहम आंकड़ों पर नजर डालते हैं, फरवरी में SIP खातों की कुल संख्या बढ़कर 10.45 करोड़ तक पहुंच गई है, जो जनवरी के महीने में 10.29 करोड़ थी। पिछले महीने कुल मिलाकर 16 लाख नए खाते (नेट एडिशन) जोड़े गए हैं। आंकड़ों के अनुसार, फरवरी में 65.72 लाख नए SIP रजिस्ट्रेशन हुए। वहीं इसके मुकाबले 49.70 लाख खाते बंद कर दिए गए या फिर उनकी अवधि (Maturity) पूरी हो गई। नए खातों के खुलने के मुकाबले बंद होने वाले खातों का अनुपात करीब 76 प्रतिशत रहा।
म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का कुल AUM
एम्फी के डेटा से यह भी पता चलता है कि फरवरी में सिर्फ SIP का एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) 16.64 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर रहा। वहीं, अगर पूरे म्यूचुअल फंड उद्योग की बात करें, तो पिछले महीने कुल AUM 82.03 लाख करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।
आंकड़े साफ बताते हैं कि फरवरी का महीना छोटा होने के कारण निवेश के आंकड़ों पर हल्का सा असर जरूर दिखा है, लेकिन भारतीय निवेशकों का म्यूचुअल फंड को लेकर जोश बिल्कुल कम नहीं हुआ है। लंबी अवधि में वेल्थ बनाने के लिए SIP आज भी लोगों की सबसे बड़ी पसंद बना हुआ है।
यह भी पढेंः- ईरान के पास अब कुछ नहीं बचा, जल्द खत्म होगा युद्ध: डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा

