T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में भारत के ग्रुप में असली घमासान होने वाला है। टीम इंडिया के ग्रुप में शामिल सभी टीमें अभी तक अजेय हैं। जानिए सुपर-8 का पूरा समीकरण।
![]() |
| T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में भारत के ग्रुप में असली घमासान होने वाला है। |
T20 World Cup 2026: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जा रहा T20 World Cup 2026 अब अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। ग्रुप स्टेज के मुकाबले 19 फरवरी को खत्म हो रहे हैं और ठीक अगले दिन यानी 20 फरवरी से ‘सुपर-8’ की जंग शुरू हो जाएगी। लेकिन, भारतीय फैंस के लिए एक बड़ी खबर यह है कि सुपर-8 में टीम इंडिया को जिस ग्रुप में रखा गया है, उसे ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ कहा जा सकता है।
ICC ने सुपर-8 के लिए टीमों को 4-4 के दो ग्रुप में बांटा है। मजे की बात यह है कि भारत वाले ग्रुप में जितनी भी टीमें पहुंची हैं, उन्होंने ग्रुप स्टेज में एक भी मैच नहीं हारा है। यानी मुकाबला शेरों के बीच होने वाला है।
भारत के ग्रुप में मचेगा असली घमासान
सुपर-8 के समीकरण को देखें तो भारत के ग्रुप में जबरदस्त टक्कर देखने को मिलेगी। इस ग्रुप में भारत के अलावा जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका ने अपनी जगह पक्की की है। खास बात यह है कि ये तीनों ही टीमें ग्रुप स्टेज में अजेय रही हैं। किसी ने भी हार का मुंह नहीं देखा।
वहीं, दूसरे ग्रुप की बात करें तो वहां पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और श्रीलंका हैं। हैरानी की बात यह है कि उस ग्रुप की सभी टीमों को पहले राउंड में कम से कम एक हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में साफ है कि टीम इंडिया के लिए आगे की राह आसान नहीं होगी।
टीम इंडिया का अब तक का सफर: विजय रथ जारी
भारतीय टीम ने ग्रुप-A में डोमिनेट करते हुए टॉप पोजीशन हासिल की। टीम का प्रदर्शन कुछ इस प्रकार रहा:
- USA के खिलाफ: 29 रनों से जीत।
- नामीबिया के खिलाफ: 93 रनों की बड़ी जीत।
- पाकिस्तान के खिलाफ: 61 रनों से रौंदा।
- नीदरलैंड्स के खिलाफ: 17 रनों से मात देकर ग्रुप टॉप किया।
विरोधियों ने भी दिखाए हैं कड़े तेवर
सिर्फ भारत ही नहीं, उसके ग्रुप की बाकी तीन टीमें भी पूरे फॉर्म में हैं। आइए देखते हैं उनका सफर कैसा रहा:
जिम्बाब्वे (सबसे बड़ा सरप्राइज): इस टीम को शायद ही किसी ने गंभीरता से लिया था, लेकिन इसने ग्रुप-B में तहलका मचा दिया। जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को 23 रनों से हराया और श्रीलंका को भी 6 विकेट से धो दिया। आयरलैंड के खिलाफ मैच बारिश में धुल गया, लेकिन टीम अजेय रही।
वेस्टइंडीज (घरेलू शेर): दो बार की चैंपियन विंडीज ने ग्रुप-C में एकतरफा खेल दिखाया। उन्होंने इंग्लैंड को 30 रनों से पीटा और बाकी मैचों में स्कॉटलैंड, नेपाल और इटली को आसानी से हराकर पूरे 8 अंक बटोरे।
साउथ अफ्रीका (कड़ी चुनौती): 2024 के फाइनल में भारत से हारने वाली अफ्रीकी टीम इस बार बदले के मूड में है। ग्रुप-D में उन्होंने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया। हालांकि, अफगानिस्तान के खिलाफ उन्हें जीतने के लिए 'डबल सुपर ओवर' तक जाना पड़ा, लेकिन उनका विजय रथ नहीं रुका।
कुल मिलाकर, 20 फरवरी से शुरू हो रहे सुपर-8 मुकाबलों में फैंस को कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी, क्योंकि मैदान पर वो टीमें होंगी जो हारना भूल चुकी हैं।

