Sundar Pichai salary: Google की पेरेंट कंपनी Alphabet ने CEO सुंदर पिचई के लिए 69.2 करोड़ डॉलर का नया पैकेज मंजूर किया है। उनकी नेट वर्थ अब 1.5 अरब डॉलर हो गई है। जानिए इस महा-पैकेज की पूरी डिटेल्स।
CA, United States: दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शुमार Google की पेरेंट कंपनी Alphabet ने अपने CEO सुंदर पिचई (Sundar Pichai) को एक बड़ा तोहफा दिया है। कंपनी ने उनके लिए 3 साल के नए पे-पैकेज को मंजूरी दे दी है। यह पैकेज अधिकतम 69.2 करोड़ डॉलर तक जा सकता है।
हैरानी की बात यह है कि इस भारी-भरकम पैकेज में उनकी फिक्स सैलरी नहीं बढ़ाई गई है। इसके बावजूद उनकी कुल नेट वर्थ 1 अरब डॉलर के पार पहुंच चुकी है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि सुंदर पिचई का यह नया पैकेज कैसा है और इसमें क्या-क्या शर्तें रखी गई हैं।
सैलरी में कोई बदलाव नहीं, बोनस भी नहीं
US सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन में 4 मार्च 2026 को फाइल किए गए फॉर्म 8-K के मुताबिक, पिचई की सालाना बेस सैलरी 20 लाख डॉलर ही रहेगी। यह सैलरी 2020 के बाद से बिल्कुल नहीं बढ़ी है। इसके अलावा, वह अभी भी किसी सालाना बोनस के हकदार नहीं होंगे। उनका पूरा फायदा कंपनी की तरक्की और उनके प्रदर्शन पर टिका है।
4 हिस्सों में बंटा है नया पैकेज
सुंदर पिचई के लिए मंजूर हुए इस नए पैकेज को चार हिस्सों में बांटा गया है:
गारंटीड पैसा: उन्हें 8.4 करोड़ डॉलर 'टाइम-बेस्ड रिस्ट्रिक्टेड स्टॉक यूनिट्स' के रूप में मिलेंगे। यह इकलौता गारंटीड हिस्सा है, जो 25 मार्च 2026 से शुरू होकर अगले 3 साल तक हर महीने मिलता रहेगा।
अल्फाबेट परफॉर्मेंस स्टॉक: इसके तहत उन्हें 6.3 करोड़ डॉलर की दो किस्तें मिलेंगी। यह इस बात पर निर्भर करेगा कि S&P 100 कंपनियों की तुलना में अल्फाबेट के शेयरहोल्डर्स को कितना रिटर्न मिलता है।
टारगेट डबल या जीरो: एक किस्त का प्रदर्शन 2026–2027 और दूसरी का 2026–2028 के आधार पर मापा जाएगा। अगर काम शानदार रहा, तो यह पैसा दोगुना हो सकता है। वहीं प्रदर्शन खराब रहने पर कुछ नहीं मिलेगा।
सबसे खास हिस्सा: Waymo और Wing
इस पैकेज का सबसे दिलचस्प हिस्सा ‘बेट परफॉर्मेंस यूनिट्स' है। यह सीधे तौर पर कंपनी के ऑटोनॉमस वेंचर्स, Waymo LLC और Wing Aviation LLC से जुड़ा है।
- Waymo यूनिट्स की टारगेट वैल्यू 13 करोड़ डॉलर तय की गई है।
- Wing यूनिट्स की टारगेट वैल्यू 4.5 करोड़ डॉलर है।
खास बात यह है कि यह पैसा अल्फाबेट के स्टॉक में नहीं, बल्कि सीधे Waymo और Wing की कॉमन यूनिट्स में मिलेगा। इससे पिचई को इन कंपनियों में सीधी हिस्सेदारी मिलेगी। लेकिन इसमें एक बड़ा रिस्क भी है। अगर 3 साल में इन कंपनियों की वैल्यू में कोई ग्रोथ नहीं होती है, तो पिचई को इस हिस्से से एक भी कॉमन यूनिट नहीं मिलेगी।
कितना होगा कुल फायदा?
सुंदर पिचई के पैकेज की असली रकम उनके काम पर निर्भर करेगी। अगर वह सभी टारगेट पूरे कर लेते हैं और 200% भुगतान होता है, तो उन्हें 69.2 करोड़ डॉलर मिल सकते हैं। एक सामान्य प्रदर्शन के आधार पर इस पैकेज की कीमत 39.1 करोड़ डॉलर मानी गई है। वहीं, अगर कोई भी परफॉर्मेंस टारगेट पूरा नहीं होता, तब भी उन्हें गारंटीड स्टॉक और सैलरी मिलाकर लगभग 9 करोड़ डॉलर तो मिलेंगे ही।
नेट वर्थ 1.5 अरब डॉलर के पार
सुंदर पिचई उन गिने-चुने 'नॉन-फाउंडिंग CEOs' में से हैं, जो अरबपति बन चुके हैं। फोर्ब्स के मुताबिक, उनकी मौजूदा नेट वर्थ 1.5 अरब डॉलर है। यह तब है जब उनके पास शुरुआत में कंपनी की कोई बड़ी इक्विटी नहीं थी। पिछले 10 सालों में पिचई ने 65 करोड़ डॉलर के अल्फाबेट शेयर बेचे हैं। अगर उन्होंने ये शेयर न बेचे होते, तो आज उनकी नेट वर्थ 2.5 अरब डॉलर के करीब होती।
और साथ ही अल्फाबेट ने यह साफ कर दिया है कि वह अपने CEO को सैलरी से ज्यादा कंपनी को आगे बढ़ाने (परफॉर्मेंस) के लिए बड़ा इनाम देना चाहती है।

